Thursday, October 5, 2017

दैनिक समसामयिकी 01 Oct 2017(Sunday)

1.पांच राज्यों को मिले नए राज्यपाल

• राष्ट्रपति ने पांच राज्यपालों और एक उपराज्यपाल की नियुक्ति की है। भाजपा के वयोवृद्ध नेता सत्यपाल मलिक को बिहार का राज्यपाल बनाया है, र्चचा कलराज मिश्र को भेजने की थी। भाजपा के वरिष्ठ नेता बीके मल्होत्रा भी लाइन में थे, लेकिन इस बार वह चूक गए।
• बनवारी लाल पुरोहित को असम से तमिलनाडु भेजा गया है। तमिलनाडु के राज्यपाल का काम बहुत दिनों से महाराष्ट्र के राज्यपाल सी विद्यासागर राव देख रहे थे।
• दिसम्बर में जे. जयललिता के निधन के बाद उत्पन्न राजनीतिक हालात के मद्देनजर तमिलनाडु में पूर्णकालिक राज्यपाल की नियुक्ति की मांग की जा रही थी। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जगदीश मुखी को पदोन्नति देते हुए असम का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
• बिहार विधान परिषद के पूर्व सदस्य गंगा प्रसाद को मेघालय का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। पुरोहित मेघालय के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार देख रहे थे।एडमिरल (सेवानिवृत्त) देवेंद्र कुमार जोशी अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल होंगे। वह मुखी का स्थान लेंगे।
• नौसेना में दुर्घटनाएं होने के कारण जोशी ने समय से पहले सेवानिवृत्ति ले ली थी। पूर्व सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सत्यपाल मलिक को बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति पद के लिए कोविंद के भाजपा के उम्मीदवार के तौर पर नामांकित किए जाने के बाद से यह पद रिक्त था।
• इस साल जुलाई में वह राष्ट्रपति के तौर पर निर्वाचित हुए। ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) बीडी मिश्रा अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल होंगे। नगालैंड के राज्यपाल पद्मनाभ बालकृष्ण आचार्य अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे।

2. उ. कोरिया को घेरने एशिया के पांच देशों में 11 दिन रहेंगे ट्रम्प

• उत्तर कोरिया को घेरने के लिए डोनाल्ड ट्रम्प 3 से 14 नवंबर तक एशिया में रहेंगे। इस दौरान वे जापान, दक्षिण कोरिया, चीन, वियतनाम और फिलीपींस जाएंगे। राष्ट्रपति बनने के बाद ट्रम्प पहले एशिया दौरे पर रहे हैं।
• ट्रम्प वियतनाम में एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन (अपेक) और फिलीपींस में एसोसिएशन ऑफ साउथ-ईस्ट एशियन नेशंस (आसियान) समिट में हिस्सा लेंगे। ट्रम्प के साथ उनकी पत्नी मेलानिया भी आएंगी।
• व्हाइट हाउस ने बयान जारी कर कहा है कि राष्ट्रपति ट्रम्प के एशिया दौरे से उत्तर कोरिया के खतरे से मुकाबला करने में आसानी होगी। वहीं, पॉलिटिकल एक्सपर्ट्स की मानें तो ट्रम्प का एशिया दौरा केवल एशिया पॉलिसी के लिए बल्कि पूरे साउथ-ईस्ट रीजन के लिए बेहतर साबित होगा।
• वहीं, इन देशों की यात्रा के अलग-अलग मायने भी निकाले जा रहे हैं। 27 सितंबर को ट्रम्प ने कहा था कि अमेरिका उ. कोरिया पर हमले के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि इसे काफी पहले निपटा दिया जाना चाहिए था। उन्होंने दुनिया के देशों से अपील की थी कि वे उ. कोरिया की न्यूक्लियर ताकत को पूरी तरह खत्म करने के लिए साथ आएं।
• उ. कोरिया के विदेश मंत्री री योंग हो न्यूयॉर्क में थे। वहां, उन्होंने कहा था कि अमेरिका नॉर्थ कोरिया के खिलाफ जंग छेड़ने का एेलान कर रहा है। इससे पहले यूएन जनरल असेंबली में अपनी स्पीच में ट्रम्प ने उत्तर कोरिया के तानाशाह को रॉकेट मैन कहकर संबोधित किया।
• ट्रम्प अपने पहले एशिया दौरे में भारत नहीं आएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जून में अमेरिका गए थे तो उन्होंने ट्रम्प को भारत आने का न्योता दिया था। हालांकि आसियान सम्मेलन में भारत शामिल होता है, इस लिहाज से मोदी और ट्रम्प की मुलाकात हो सकती है।
• ट्रांस-पैसिफिक पार्टनरशिप फ्री ट्रेड पर बात
• ट्रम्प के इस दौरे को एशियाई देशों और अमेरिका के बीच व्यापारिक रिश्तों के लिए काफी अहम माना जा रहा है। खासकर जापान के लिए, क्योंकि ट्रम्प ने राष्ट्रपति बनने के बाद ट्रांस-पैसिफिक पार्टनरशिप फ्री ट्रेड के पैक्ट को रद कर दिया था। इससे पांच सालों में करीब 40% ग्लोबल इकोनॉमी प्रभावित होगी।
• जापान-द. कोरिया: सैन्य कारवाई की रणनीति
• रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि राष्ट्रपति ट्रम्प जापान और दक्षिण कोरिया दौरे पर उ. कोरिया के खिलाफ सैन्य कार्रवाई के लिए रणनीति को अंतिम रूप दे सकते हैं। क्योंकि जापान और दक्षिण कोरिया दोनों ही उ. कोरिया के दुश्मन नंबर दो हैं। उसके मिसाइल परीक्षणों और परमाणु कार्यक्रमों से सबसे अधिक दहशत भी इन्हीं देशों में है।
• फिलीपीन-वियतनाम : ड्रग्स पर बातचीत
• मानवाधिकार संगठन फिलीपीन के राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते के ड्रग्स अभियान की लगातार निंदा कर रहे हैं। कहा जा रहा था कि ट्रम्प मनीला में आसियान समिट में नहीं जाएंगे। फिलीपीन जाने का फैसला कर ट्रम्प ने सभी को चौंका दिया है। ट्रम्प इस दौरे में दुतेर्ते के साथ उ. कोरिया मुद्दे पर बात करने के अलावा कड़वाहट भी भुलाने की कोशिश करेंगे।
• चीन : उ. कोरिया की आर्थिक नाकेबंदी
ट्रम्पचीन यात्रा के जरिए उ. कोरिया पर कूटनीतिक और आर्थिक दबाव बनाने की कोशिश करेंगे। क्योंकि चीन, उ. कोरिया का सबसे बड़ा सहयोगी है। उसकी अर्थव्यवस्था काफी हद तक चीन पर निर्भर करती है।
• हाल ही में अमेरिका के दबाव में चीन ने उ. कोरिया पर कुछ प्रतिबंध भी लगाए हैं। जिस पर ट्रम्प ने जिनपिंग को शुक्रिया बोला था।

3. हालिया कानूनों ने भारत में बाल श्रम को वैध बना दिया

• देह व्यापार को रोकने के लिए काम करने वाले एक भारतीय संगठन की प्रतिनिधि ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के सदस्यों को सूचित किया है कि हाल ही में लागू हुए कुछ कानूनों ने कई क्षेत्रों में बाल श्रम को वैध बना दिया है।
• भारत में देह व्यापार रोकने के लिए काम करने वाले संगठन ‘‘विमन र्वल्डवाइड’ की प्रतिनिधि रुचिरा गुप्ता ने महासभा की उच्चस्तरीय बैठक में कहा, दो कानून ऐसे हैं जो काफी समस्या पैदा करनेवाले हैं। इसका गरीब लड़कियों पर काफी खतरनाक असर पड़ेगा। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, इनमें से एक कानून पिछले साल सितम्बर में पारित किया गया था।
• उन्होंने आरोप लगाया, इस कानून ने मेरे देश में कई क्षेत्रों जैसे घरों में होने वाले कार्य और ऑडियो-विजुअल मनोरंजन क्षेत्र में बाल श्रम को वैध बना दिया है।
• इसने आईएलओ-आईपीईसी की सूची से खतरनाक उद्योगों के नाम भी हटा दिए, जिनमें बच्चों से कभी काम नहीं कराया जा सकता है। रुचिरा ने कहा, वहीं दूसरा कानून जो प्रभावी है उसमें मानव तस्करी को यौन उत्पीड़न से अलग करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा, दोनों कानून मिल कर यौन उत्पीड़न और बाल श्रम के लिए मानव तस्करी के 80 फीसद पीड़ितों को गायब ही कर देंगे।
• उन्होंने कहा, इस कानून से ऐसे आंकड़े सामने आएंगे जो यह दिखाएगें कि भारत में मानव तस्करी में कमी आई है लेकिन यह बाल श्रमिकों और वेश्यावृति में शामिल बच्चों की संख्या बढ़ा देंगे।
• रुचिरा एनजीओ सेक्टर की कुछ चुनिंदा प्रतिनिधियों में से एक हैं, जिन्हें महासभा में मानव तस्करी पर उच्चस्तरीय बैठक में अपनी बात रखने का मौका दिया गया था।

4. टॉम आल्टर:- शतरंज के खिलाड़ी, जुनून और क्रांति जैसी फिल्मों में अपने दमदार अभिनय के लिए चर्चित दिग्गज थिएटर, फिल्म एवं टीवी अभिनेता टॉम आल्टर का निधन हो गया। वह 67 वर्ष के थे।

No comments:

Post a Comment